दक्षिणा के दम से क्रास वोटिंग दिलाएगी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी
दक्षिणा के दम से क्रास वोटिंग दिलाएगी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी
राहुल त्रिपाठी
होने वाले मतदान में 11 सपा, 9 भाजपा, 5 बसपा, 1 निषाद पार्टी व 5 निर्दल देंगे वोट
पेम से सपा के राजू दिवाकर और गिरसी से भाजपा की स्वप्निल वरुण अध्यक्ष पद की उम्मीदवार
बिल्हौर। कानपुर नगर जनपद का जिला पंचायत अध्यक्ष बनने की दौड़ में अब सपा और भाजपा ने अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतार दिए हैं, जबकि बसपा ने चुनाव से किनारा कर लिया है। ऐसे में दाम-दम का रुतबा उम्मीदवारों को कुर्सी दिलाने में महती भूमिका निभाएगा। जिला पंचातय के चुनाव में जहां सबसे बड़े दल के रूप में सपा ने 11 सीटे पाईं थी, वहीं भाजपा ने 9, बसपा ने 5, निषाद पार्टी ने एक और 5 निर्दल प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। नतीजे आनेके ठीक दो माह बाद 3 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए शिष्टाचार, सम्मान और सेटिंग के कई दौर के बाद सपा और भाजपा के उम्मीदवार कुर्सी पाने का दम भर रहे हैं।
कानपुर नगर जनपद की जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर चाहे जो भी उम्मीदवार आसीन हो उसे परंपरागत ढंग से सदस्यों को दी जाने वाली दक्षिणा और गैर दलों के सदस्यों को तोड़कर क्रास वोटिंग जैसे तिलिस्मों को तोड़कर जीत हासिल करनी होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घाटमपुर से कई गाड़ियों के काफिले शाम ढलते ही बिल्हौर के दो दलों और एक निर्दल प्रत्याशियों का अपने पक्ष में करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं। कानपुर नगर, मिश्रिख, अकबरपुर के कई सांसद, विधायक, मंत्री तक गैर दलों के जिला पंचायत सदस्यों से संपर्क जोड़कर कई प्रकार का प्रलोभन देते नहीं थक रहे। सांसद-विधायक जहां जिला पंचायत सदस्यों को देश-विदेश की ट्रिप कराने तो उम्मीदवार को 5 से लेकर 15 लाख रुपये और एक लक्जरी कार देने की पेशकश कर रहे हैं। ऐसे में कई जिला पंचायत सदस्यों का टूटना लगभग तय माना जा रहा है। निर्दल जिला पंचायत सदस्यों के रेट सर्वाधिक बताए गए हैं। जिले की कुल 32 जिला पंचायत सीटों में 17 का समर्थन मिलने पर ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी नसीब हो सकेगी। इस आधार पर सपा को जीत के लिए 6 वोटों की जबकि भाजपा को जीतने के लिए 8, बसपा को जीतने के लिए 12 जिला पंचायत सदस्यों के वोटों की जरूरत होगी, लेकिन बसपा ने उक्त चुनाव से पहले ही किनारा कर लिया है। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पाने के लिए सपा और भाजपा में सीधे टक्कर है।
-------------------------------------------------------------------------------------------------
बसपा नहीं उतारेगी अपना प्रत्याशी
बिल्हौर। कानपुर नगर जनपद में बहुजन समाज पार्टी के समर्थन से कुल 5 जिला पंचायत सदस्य जीते हैं। जिलाध्यक्ष रामशंकर कुरील ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए उनके दल को वह संख्या नहीं मिली हैं जिसको आधार मानकर प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए और न ही बहन जी की ओर से कोई आदेश निर्देश मिले हैं ऐसे में सभी पार्टी से जीते प्रत्याशी स्वतंत्र होकर अपना मतदान करेंगे और बहुजन के हिताय में विकास कार्यों को वरीयता देंगे। बसपा बिल्हौर विधानसभा प्रभारी मनोज दिवाकर ने बताया कि पार्टी पूरी सक्रियता से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव पर नजर बनाए हैं, वह अपने वोटरों को निराश नहीं होने देगी। सूत्रों की माने भाजपा की जीत का आधार बसपा के 5 और निर्दल 6 जिला पंचायत सदस्य ही बनेंगे।
------------------------------------------
कुर्सी मिले तो 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य पकड़े रफतार
बिल्हौर। कानपुर नगर में वित्तीय वर्ष 2020-21 में जिला पंचायत सदन ने करीब 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का बजट पास किया हुआ है, लेकिन कई के टेंडर हो जाने के बाद भी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आदर्श आचार संहिता लग जाने के कारण बीते करीब छह माह से विकास कार्य रुके पड़े हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष की जीत होते ही करोड़ रुपये के कार्य होने लगेंगे। अंदर की बात यह है कि करोड़ रुपये के काम का टेंडर लेने के लिए राजनैतिक दलों के लोग अपने-अपने उम्मीदवारों को आर्थिक मदद भी कर रहे हैं। सूत्रों की माने तो जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बाद पहली बैठक में ही वित्तीय वर्ष 2021-22 के प्रस्ताव में जिला पंचायत सदस्यों से आमंत्रित किए जाएंगे, इसलिए जिस दल का भी अध्यक्ष बनेगा उसके समर्थकों को ही टेंडर में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभ भी दिए जाने की संभावना है।
----------------------------------------------------------


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें