रविवार, 26 जुलाई 2026

दूसरे वर्ष भी आलू किसान फसल के दाम न मिलने से परेशान

 फोटो 5 परिचय- सड़क किनारे सड़ा पड़ा आलू


- आलू किसानों को मिल पा रहे करीब 100 रुपये प्रति कुंतलके दाम

- आलू किसानों को फसल की लागत और मेहनत भी नहीं हो रही नसीब

राहुल त्रिपाठी

बिल्हौर। बीते वर्ष की भांति इसबार भी आलू की अच्छी पैदावार के बाद किसानों को सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं, तहसील क्षेत्र के हजारों किसानों द्वारा मोटी लागत व कड़ी मेहनत से पैदा किया गया आलू शीतगृहों में भंडारित है, लेकिन भंडारित करीब 4 लाख मीट्रिक टन से अधिक आलू बिक्री होता न देख किसान और शीतगृह संचालक मायूस हैं, और सरकार से निर्यात संबंधी कोई योजना लाने की आस में हैं।

जनपद के बिल्हौर तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक किसान आलू खेतीबाड़ी से जुड़ें हैं, बिल्हौर के अलग-अलग गांवों में किसानों द्वारा पैदा किया जाने वाला आलू सूबे में ही नहीं बल्कि बंगाल, बिहार, छत्तीशगढ़, म.प्र., राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि भी बिक्री के लिए जाता रहा है, इसके अलावा गोरखपुर-बनारस के रास्ते इलाके का आलू नेपाल में भी जाता रहा है, लेकिन कई नीतियों के कारण बीते वर्षों किसानों को उनकी आलू फसल की लागत भी नहीं निकल पा रही है। अभी इलाके के 70 से अधिक शीतगृहों में 80 प्रतिशत से अधिक करीब 4 लाख मीट्रिक टन आलू भंडारित हैं, लेकिन बिक्री 400 से 500 रुपये प्रति कुंतल होने से किसानों की लागत भी सीधी नहीं हो पा रही है। किसान रामआसरे कटियार, जय प्रकाश कटियार, हरी शंकर मिश्रा, सोमेश्वर मिश्रा ने बताया कि बाजार में 400-500 रुपये प्रति कुंतल की दर से बिक्री हो रहे आलू में शीतगृह का भाड़ा हटा दे तो किसानों को प्रति कुंतल 50 से 90 रुपये ही मिल पा रहे हैं। ऐसे में किसान को बीते वर्षों की भांति इसबार भी घाटा होना तय है। उधर कई शीतगृहों के मालिक सुशील कटियार, देवेंद्र कटियार ने बताया कि अभी तक बहुत कम आलू की निकासी हुई है, यदि आलू के दाम नहीं बढ़ते हैं तो बड़ी संख्या में किसान शीतगृहों में रखा आलू निकासी कराने नहीं आएंगे, इससे शीतगृह संचालकों को भी भारी नुकसान का अंदेशा है।

-------------------

जिम्मेदार बोले

अक्तूबर के पहले सप्ताह से आलू की बुआई आरंभ होती है, अभी दो माह से अधिक का समय है, किसान भावों पर नजर बनाए रखें और अच्छे दाम मिलते ही आलू की बिक्री कर दें। सरकार द्वारा 6500 रुपये प्रति कुंतल की दर से आलू खरीद की घोषणा जरूर की गई थी, लेकिन अभी तक खरीद शुरू होने की जानकारी विभाग के पास नहीं है।

डा. उमेश उत्तम, जिला उद्यान अधिकारी

---------------

इंसेट-1

आलू खरीद के लिए नहीं है कोई सूचना

बिल्हौर। उत्तरीपुरा मंडी समिति के सचिव अनिल पांडे ने बताया कि तहसील क्षेत्र में बड़ी मात्रा में आलू की पैदावार होती है, लेकिन उच्चाधिकारी और शासन की ओर से उन्हें तहसील और जनपद में कहीं भी आलू खरीद होने की सूचना नहीं है। आशंका जताई कि जिन मानक का आलू सरकार ने खरीदने की घोषणा की थी वैसा आलू क्षेत्र में उत्पादित नहीं होता है।

-------------------

इंसेट-2

सड़े आलू ग्रामीणों-पशुओं के लिए बने समस्या

बिल्हौर। तहसील क्षेत्र के सभी 4 विकास खंडों में 70 से अधिक छोटे-बड़े शीतगृह हैं, बाजार में आलू की मांग न होने की कारण शीतगृह संचालक सड़े हुए आलू को मुख्य मांर्गों, जीटी रोड हाइवे और ग्रामीण इलाकों में इधर उधर फेंक दे रहे हैं, जिससे जहां छुट्टा पशु इन्हें खाकर मर रहे हैं। वहीं ग्रामीण भी बदबू से परेशान हैं। गड़रियनपुरवा गांव में 23 जुलाई की देररात सड़क किनारे पड़े सड़े आलू खाकर तीन पशुओं की मौत हो गई। मामले में जिला उद्यान अधिकारी डा. उमेश उत्तम ने शीतगृह संचालकों से नियमानुसार सड़े आलू का निस्तारण करने की मांग की है।


शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

विधानसभा चुनाव दूर, उम्मीदवार की सक्रियता भरपूर

राहुल त्रिपाठी

विधानसभा चुनावों की तारीखें अभी अनि​श्चित हैं, लेकिन सूबे के दोनों प्रमुख राजनैतिक दल भाजपा और सपा से दावेदारी करने वाले उम्मीदवारों का जनसंपर्क, सेटिंग और प्रदर्शन निर्वाचन क्षेत्र में जारी है।
बहुजन समाज पार्टी से वर्ष 2022 में बिल्हौर विधानसभा में भाग्य आजमाने वाली मधू गौतम चुनाव के बाद आज तक कहीं भी किसी को भी नजर नहीं आई हैं, इसकारण बसपा का ग्राफ धरातल से पताल की ओर मालूम होता है। स्थानीय राजनीति चमकाने के लिए कुछ एक चेहरे यदाकदा सोशल मीडिया पर जरूर सक्रिय नजर आते हैं।
इसी कांग्रेस पार्टी का बिल्हौर विधानसभा में ग्राफ लगातार गहराई में ही जाता दिख रहा है, वर्ष 2022 की प्रत्याशी ऊषारानी कोरी गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, आंबेडकर जयंती सहित कई मौके पर गिने चुने समर्थकों संग पार्टी कार्यालय पहुंचकर सक्रियता का जरूर एहसास दिलाती हैं, लेकिन संगठन हाईकमान स्तर पर ही कागजी सक्रियता दिखाकर आगामी चुनावों दम भर रही है।
सूत्रों की माने तो सपा कानपुर ग्रामीण में जिलाध्यक्ष मुनीद्र शुक्ल के चुनावी तैयारियों में जुट जाने व पद से इस्तीफा देने के बाद पार्टी के अंदर उठा-पटक की ​स्थित बनी है।
वैसे तो कई उम्मीदवार स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री अ​खिलेश यादव का करीबी बताकर को प्रबल दावेदार होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन 2022 की बिल्हौर विधानसभा की प्रत्याशी रहीं रचना सिंह गौतम का पडला अभी भी सर्वा​धिक भारी है। एक पूर्व सांसद के भी बिल्हौर से विधानसभा चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान पहले हो का है और जल्द ही सपा ज्वाइन करने की भी चर्चाएं हैं।
सत्ताधारी भाजपा के समर्थक तीसरी बार भी पूरी ताकत से सत्ता में आने के कई आंकड़े प्रस्तुत कर रहे हैं, लेकिन कई बाहरी दलों से आए पूर्व, मंत्री-विधायक भी सक्रिय होकर पार्टी में रमे ​भिदे नजर आकर चौकस सेटिंग के प्रयास में हैं। जनसंपर्क का दौर ऐसा है कि कई खुलकर बैटिंग कर रहे हैं तो कई अंदर ही अंदर पूरी सक्रियता से कानपुर, लखनऊ-दिल्ली आलाकमान को साधे हैं, लेकिन वर्तमान विधायक माेहित उर्फ राहुल सोनकर को पार्टी के अंदर के ही लोग अपने-अपने ढंग से जज कर रहे हैं, वहीं हिंदूवादी सोच के चलते राहुल सोनकर की पकड़ युवाओं में अब भी बरकार बताई गई है। सूत्र बताते हैं भाजपा में टिकट मांग रहे कई उम्मीदवार अपने नंबर बढ़ाने के लिए अति-वि​शिष्ट कार्यों की पूरी की पूरी फाइल, वीडियो-आडियो को लेकर आलाकमान तक पहुंचाने, दिखाते-सुनाने की बातें भी करते हैं। खैर अभी सत्ताधारी विधायक सभी के प्रिय हैं और पार्टी के लोग उन्हे के साथ सार्वजनिक और बैठकों आदि में पूरी सक्रियता के साथ नजर आ रहे हैं।
------------------------
नोट:- उक्त विचार आपसी चर्चा और तथ्यों पर आधारित इनमें सदैव बदलाव हो सकता है, इसका किसी भी दल, पार्टी, उम्मीदवार से काेई संबंध नहीं है।

दूसरे वर्ष भी आलू किसान फसल के दाम न मिलने से परेशान

  फोटो 5 परिचय- सड़क किनारे सड़ा पड़ा आलू - आलू किसानों को मिल पा रहे करीब 100 रुपये प्रति कुंतलके दाम - आलू किसानों को फसल की लागत और मेहनत...