रविवार, 26 जुलाई 2026

दूसरे वर्ष भी आलू किसान फसल के दाम न मिलने से परेशान

 फोटो 5 परिचय- सड़क किनारे सड़ा पड़ा आलू


- आलू किसानों को मिल पा रहे करीब 100 रुपये प्रति कुंतलके दाम

- आलू किसानों को फसल की लागत और मेहनत भी नहीं हो रही नसीब

राहुल त्रिपाठी

बिल्हौर। बीते वर्ष की भांति इसबार भी आलू की अच्छी पैदावार के बाद किसानों को सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं, तहसील क्षेत्र के हजारों किसानों द्वारा मोटी लागत व कड़ी मेहनत से पैदा किया गया आलू शीतगृहों में भंडारित है, लेकिन भंडारित करीब 4 लाख मीट्रिक टन से अधिक आलू बिक्री होता न देख किसान और शीतगृह संचालक मायूस हैं, और सरकार से निर्यात संबंधी कोई योजना लाने की आस में हैं।

जनपद के बिल्हौर तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक किसान आलू खेतीबाड़ी से जुड़ें हैं, बिल्हौर के अलग-अलग गांवों में किसानों द्वारा पैदा किया जाने वाला आलू सूबे में ही नहीं बल्कि बंगाल, बिहार, छत्तीशगढ़, म.प्र., राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि भी बिक्री के लिए जाता रहा है, इसके अलावा गोरखपुर-बनारस के रास्ते इलाके का आलू नेपाल में भी जाता रहा है, लेकिन कई नीतियों के कारण बीते वर्षों किसानों को उनकी आलू फसल की लागत भी नहीं निकल पा रही है। अभी इलाके के 70 से अधिक शीतगृहों में 80 प्रतिशत से अधिक करीब 4 लाख मीट्रिक टन आलू भंडारित हैं, लेकिन बिक्री 400 से 500 रुपये प्रति कुंतल होने से किसानों की लागत भी सीधी नहीं हो पा रही है। किसान रामआसरे कटियार, जय प्रकाश कटियार, हरी शंकर मिश्रा, सोमेश्वर मिश्रा ने बताया कि बाजार में 400-500 रुपये प्रति कुंतल की दर से बिक्री हो रहे आलू में शीतगृह का भाड़ा हटा दे तो किसानों को प्रति कुंतल 50 से 90 रुपये ही मिल पा रहे हैं। ऐसे में किसान को बीते वर्षों की भांति इसबार भी घाटा होना तय है। उधर कई शीतगृहों के मालिक सुशील कटियार, देवेंद्र कटियार ने बताया कि अभी तक बहुत कम आलू की निकासी हुई है, यदि आलू के दाम नहीं बढ़ते हैं तो बड़ी संख्या में किसान शीतगृहों में रखा आलू निकासी कराने नहीं आएंगे, इससे शीतगृह संचालकों को भी भारी नुकसान का अंदेशा है।

-------------------

जिम्मेदार बोले

अक्तूबर के पहले सप्ताह से आलू की बुआई आरंभ होती है, अभी दो माह से अधिक का समय है, किसान भावों पर नजर बनाए रखें और अच्छे दाम मिलते ही आलू की बिक्री कर दें। सरकार द्वारा 6500 रुपये प्रति कुंतल की दर से आलू खरीद की घोषणा जरूर की गई थी, लेकिन अभी तक खरीद शुरू होने की जानकारी विभाग के पास नहीं है।

डा. उमेश उत्तम, जिला उद्यान अधिकारी

---------------

इंसेट-1

आलू खरीद के लिए नहीं है कोई सूचना

बिल्हौर। उत्तरीपुरा मंडी समिति के सचिव अनिल पांडे ने बताया कि तहसील क्षेत्र में बड़ी मात्रा में आलू की पैदावार होती है, लेकिन उच्चाधिकारी और शासन की ओर से उन्हें तहसील और जनपद में कहीं भी आलू खरीद होने की सूचना नहीं है। आशंका जताई कि जिन मानक का आलू सरकार ने खरीदने की घोषणा की थी वैसा आलू क्षेत्र में उत्पादित नहीं होता है।

-------------------

इंसेट-2

सड़े आलू ग्रामीणों-पशुओं के लिए बने समस्या

बिल्हौर। तहसील क्षेत्र के सभी 4 विकास खंडों में 70 से अधिक छोटे-बड़े शीतगृह हैं, बाजार में आलू की मांग न होने की कारण शीतगृह संचालक सड़े हुए आलू को मुख्य मांर्गों, जीटी रोड हाइवे और ग्रामीण इलाकों में इधर उधर फेंक दे रहे हैं, जिससे जहां छुट्टा पशु इन्हें खाकर मर रहे हैं। वहीं ग्रामीण भी बदबू से परेशान हैं। गड़रियनपुरवा गांव में 23 जुलाई की देररात सड़क किनारे पड़े सड़े आलू खाकर तीन पशुओं की मौत हो गई। मामले में जिला उद्यान अधिकारी डा. उमेश उत्तम ने शीतगृह संचालकों से नियमानुसार सड़े आलू का निस्तारण करने की मांग की है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दूसरे वर्ष भी आलू किसान फसल के दाम न मिलने से परेशान

  फोटो 5 परिचय- सड़क किनारे सड़ा पड़ा आलू - आलू किसानों को मिल पा रहे करीब 100 रुपये प्रति कुंतलके दाम - आलू किसानों को फसल की लागत और मेहनत...